21 सितंबर तक गांवों-कस्बों में लगेगा ख़ुशी क्लास और खुशी चौपाल
गिरिडीह। झारखंड के 17 जिला से होकर 18 वां जिला गिरिडीह में रविवार से खुशी मिशन प्रारंभ हुआ। लाइफ केयर हॉस्पिटल, रांची और खुशी क्लास के तहत शहर के प्रतिष्ठित दिल्ली पब्लिक स्कूल, डीपीएस से स्कुल चेयरमैन बलजीत सलूजा उर्फ ऋषी सलूजा ने हरी झंडी दिखाकर खुशी रथ को रवाना किया। मौके पर लोजपा के वरिष्ठ नेता राजकुमार राज, प्रिंसिपल सोनी तिवारी सहित स्कूल परिवार मौजूद था। रवानगी के तुरंत बाद 591 वां खुशी चौपाल का भी आयोजन हुआ। चौपाल में चेयरमैन ऋषी ने कहा कि खुशहाल जिंदगी का आधार ही सकारात्मकता है। इसी सकारात्मकता में खुशी छुपी हुई है। आज के इस भागमभाग और गलाघोंटू प्रतिस्पर्धा में समाज तनाव, डिप्रेशन में चला जा रहा है। यहां तक की बच्चे आत्महत्या करने लगे हैं। ऐसे में यह खुशी मिशन समाज के लिए अमृत के समान है। खुशी मिशन के संस्थापक मुकेश सिंह चौहान के द्वारा गांवों में खुशी चौपाल और स्कूल-कॉलेजों में खुशी क्लास लगाकर तनाव, डिप्रेशन, आत्महत्या की प्रवृत्ति के खिलाफ मुहिम चलाने का यह अभियान काबिले तारीफ है। लोजपा नेता राजकुमार ने कहा कि बिना किसी सरकारी या सामाजिक मदद के चलाया जा रहा यह अभियान की जितनी सराहना की जाए, कम होगा। समाज के सभी वर्गों को खुशी क्लास में सहयोग करनी चाहिए। मौके पर खुशी क्लास के संस्थापक सह संचालक मुकेश सिंह चौहान ने कहा कि मुश्किल-झंझावतों का मुकाबला आप कभी भी तनाव में रहकर नहीं कर सकते। तनाव मुश्किलों को और बढ़ा देता है। खुशी, सकारात्मकता में इतनी ताकत है कि यह आपको हर झंझावत से उबार कर मंजिल तक पहुंचा देती है। चौहान ने छात्रों से कहा कि अंको को कभी भी तनाव में नहीं लेना है। अंक मात्र सूचक है, जो आपको बता देता है कि अभी आप कहां हो। उन्होंने मिसाइल मैन के द्वारा कहे गए फेल शब्द को भी सकारात्मकता के साथ परिभाषित किया। बताया कि इसे आप कैसे प्रेरणा और चुनौती के रूप में ले सकते हैं। अंत में प्रिंसिपल सोनी तिवारी के द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम सम्पन्न हुआ।


