Giridih : गिरिडीह पुलिस ने साइबर ठगी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी गैस कनेक्शन लिंक से ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस मामले में दो साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है।
साइबर डीएसपी आबिद खान ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग गैस कनेक्शन बंद होने का डर दिखाकर फर्जी लिंक भेज रहे हैं और लोगों से पैसे ठग रहे हैं। इसके बाद एसपी डॉ. बिमल कुमार के निर्देश पर एक विशेष टीम बनाई गई।
पुलिस ने बेंगाबाद थाना क्षेत्र के विशनपुर गांव में छापेमारी कर आनंद कुमार मंडल और दीपक कुमार मंडल को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे महाराष्ट्र नेचुरल गैस लिमिटेड (MNGL) के नाम से फर्जी लिंक भेजकर लोगों को ठगते थे।
इस मामले में साइबर थाना गिरिडीह में प्राथमिकी दर्ज की गई है। एक अन्य आरोपी प्रिंस कुमार मंडल फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से तीन मोबाइल फोन, तीन सिम कार्ड और दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध कॉल, मैसेज या लिंक से सावधान रहें और ठगी की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।


