हिरणपुर:-थाना क्षेत्र के तुरसाडीह गांव में शुक्रवार सुबह एक युवक का शव तालाब किनारे मिलने से इलाके में कोहराम मच गया। मृत युवक की पहचान गांव के ही अर्जुन यादव के 18 वर्षीय पुत्र रूपेश यादव के रूप में हुई है।
घटनास्थल पर जुटी भीड़, पुलिस जाँच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों में सनसनी फैल गई और देखते ही देखते मौके पर भीड़ जुट गई।
सूचना पर एएसआई साधन कर्मकार, हरेकृष्ण यादव एवं पुलिस बल मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर सदर अस्पताल सोनाजोरी भेज दिया गया। गले में बंधा मिला गमछा, हत्या की आशंका गहराई
ग्रामीणों के अनुसार, मृतक के गले में गमछा बंधा हुआ था, जिससे हत्या की आशंका को बल मिला है। महिलाओं द्वारा शव को सबसे पहले देखा गया, जिन्होंने इसकी जानकारी मृतक के परिजनों व पुलिस को दी।
हाईवा में खलासी था रूपेश
मृतक रूपेश यादव पेशे से हाईवा गाड़ी में उपचालक (खलासी) का काम करता था। परिजनों का आरोप कि दुश्मनी में हत्या की गई है।
मृतक के स्वजनों ने थाने में लिखित आवेदन देकर गांव के ही छह लोगों पर हत्या का सीधा आरोप लगाया है। परिजनों ने बताया कि पूर्व की रंजिश के कारण ही रूपेश की हत्या की गई।
इनपर लगा हत्या करने का आरोप
परिजनों ने महेश यादव उर्फ दुखी यादव, रीता देवी, बिष्णु यादव, गीता देवी, बिंदु यादव और कांति देवी पर हत्या का आरोप लगाया है।
फोन कॉल और रात की गतिविधियों से बढ़ी संदेह पर
परिजनों के अनुसार, मृतक शाम को अपने सहकर्मी दिगंबर यादव के साथ काम कर रहा था और रात 2 बजे तक उसके मोबाइल पर रीता देवी के तीन कॉल्स आए थे। करीब दो बजे वह वाहन की जिम्मेदारी सौंप कर चले गए, जिसके बाद से उसका कोई अता-पता नहीं था।
पूछताछ में जुटी पुलिस, दो को लिया हिरासत में
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए महेश यादव उर्फ दुखी यादव व रीता देवी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मोबाइल कॉल डिटेल्स के आधार पर आगे की जांच कर रही है। इस बाबत थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक के परिजनों की ओर से लिखित शिकायत मिली है उक्त शिकायत पर जांच की जा रही है।


