रामगढ़। झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के केंद्रीय उपाध्यक्ष सह भारतीय क्रांतिकारी मजदूर संघ के केंद्रीय पदाधिकारी रवि महतो ने अपनी जान को खतरा बताते हुए बेस्ट बोकारो ओपी में आवेदन देकर अज्ञात लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मामला 12 जनवरी की मध्य रात्रि का बताया जा रहा है।
मध्य रात्रि पीछा कर रोकने की कोशिश, बाल-बाल बचे रवि महतो
रवि महतो ने आवेदन में बताया कि 12 जनवरी की रात करीब 12:30 बजे वे अपने गांव गोसी लौट रहे थे। इसी दौरान सारूबेड़ा के बुटबेड़ा मस्जिद कॉलोनी के पास एक सफेद रंग का अज्ञात वाहन लगातार हॉर्न बजाते हुए उनकी ब्रेजा कार का पीछा करने लगा।
रास्ता देने के बाद भी सामने लगाकर रोकी गाड़ी
रवि महतो के अनुसार, शुरुआत में उन्होंने इसे किसी आपातकालीन वाहन का संकेत समझते हुए रास्ता दे दिया, लेकिन इसके बावजूद उक्त वाहन ने उनकी कार के आगे सटाकर अचानक गाड़ी खड़ी कर दी। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए उन्होंने तुरंत बाईं ओर मोड़ लिया और गांव की ओर निकलकर खुद को सुरक्षित किया।
अवैध खनन पर डाले गए वीडियो से जुड़ी हो सकती है घटना
रवि महतो ने आशंका जताई है कि यह पूरी घटना आठ जनवरी 2026 को परसाबेड़ा क्षेत्र में अवैध खनन को लेकर फेसबुक पर अपलोड किए गए वीडियो से जुड़ी हो सकती है। उन्होंने बताया कि वीडियो अब भी सोशल मीडिया पर मौजूद है और घटना स्थल भी उसी क्षेत्र के आसपास का है, जिससे अवैध खनन से जुड़े कारोबारियों की संलिप्तता की आशंका प्रबल होती है।
समय रहते नहीं निकलते तो हो सकती थी अप्रिय घटना
रवि महतो ने कहा कि यदि वे समय रहते वहां से नहीं निकलते तो उनके साथ कोई गंभीर अप्रिय घटना घट सकती थी, जिससे जान-माल की क्षति भी संभव थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका किसी से व्यक्तिगत विवाद नहीं है और न ही उनका कोई आपराधिक इतिहास रहा है।
भविष्य में कुछ होता है तो अवैध खनन माफिया होंगे जिम्मेदार
उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि यदि भविष्य में उनके साथ किसी भी प्रकार की घटना होती है तो उसके लिए अवैध खनन से जुड़े कारोबारी जिम्मेदार होंगे। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक आवाज को दबाने का प्रयास बताया।
निष्पक्ष जांच और सुरक्षा की मांग
रवि महतो ने जिला प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, सीसीटीवी फुटेज खंगालने तथा दोषियों के खिलाफ विधि-सम्मत कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही उन्होंने जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी अपील की है।


