ब्रेकिंग न्यूज़: ओडिशा के राउरकेला में शनिवार दोपहर एक बड़ा विमान हादसा हो गया। इंडिया वन एयर की 9 सीटर फ्लाइट भुवनेश्वर से राउरकेला जा रही थी, तभी राउरकेला से करीब 15 किलोमीटर दूर विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे के समय विमान में कुल 7 लोग सवार थे, जिनमें 6 यात्री और 1 पायलट शामिल थे। हादसे में पायलट को गंभीर चोटें आई हैं। उन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। राहत की बात यह रही कि सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं, हालांकि कुछ को हल्की चोटें आई हैं।
घटना के बाद सामने आई तस्वीरों में दुर्घटनाग्रस्त विमान का रजिस्ट्रेशन नंबर VT-KSS बताया जा रहा है। तस्वीरों में विमान का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त दिख रहा है। इसके अलावा दोनों विंग्स को भी भारी नुकसान पहुंचा है। सूचना मिलते ही प्रशासन और बचाव दल मौके पर पहुंच गया। स्थानीय पुलिस, दमकल विभाग और एयरपोर्ट प्रबंधन की टीम ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया। यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
फिलहाल विमान हादसे की वजह साफ नहीं हो पाई है। तकनीकी खराबी या मौसम से जुड़ी किसी समस्या की आशंका जताई जा रही है। विमानन विभाग द्वारा मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। जांच के बाद ही हादसे के कारणों का खुलासा हो सकेगा। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा। स्थानीय लोग भी बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जमा हो गए थे। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और जांच में सहयोग करने की अपील की है।


