रांची। आजसू के संस्थापक सदस्य सह झारखंड आंदोलनकारी पूर्व विधायक सूर्य सिंह बेसरा और आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सह राज्य के पूर्व गृहमंत्री सुदेश महतो के बीच हुई मुलाकात को लेकर अब सियासी गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म है. मालूम हो रांची के अनगड़ा में सुदेश महतो और सूर्य सिंह बेसरा की मुलाकात हुई थी. लंबे अरसे के बाद घोर विरोधी रहे सूर्य सिंह बेसरा और सुदेश महतो किसी सार्वजनिक आयोजन में एक साथ नजर आये.सुदेश महतो ने पैर छू कर लिया आशीर्वाद।
श्राद्धकर्म में शामिल हुए दोनों नेता
रांची के पूर्व एमएलसी स्व छत्रपति शाही मुंडा की पत्नी और भारत आदिवासी पार्टी के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष प्रेम शाही मुंडा की माता पुष्पा रानी शाही मुंडा (80) के श्राद्धकर्म में शामिल होने के लिए वहां उक्त दोनों नेताओं के अलावा पूर्व सांसद राम टहल चौधरी, प्रभाकर तिर्की समेत अन्य कई नेता पहुंचे थे. इस दौरान वहां काफी देर तक इन दोनों नेताओं के बीच गंभीर व हल्के वातावरण में बातचीत हुई. मालूम हो काफी लंबे अरसे से दोनों नेताओं के बीच कोई बातचीत नहीं हुई थी, लेकिन कल बुधवार को जब मिले तो खूब बातें की. इस दौरान सुदेश महतो ने संस्कार निभाते हुए सूर्य सिंह बेसरा के पैर भी छूए, तो बेसरा ने भी उन्हें पकड़ कर अपने पास बैठाया और पीठ पर थपकी दी. हलांकि इसके बाद खाने के मेज पर दोनों अगल-बगल ही बैठे।
अभी कुछ बोलना ठीक नहीं, तीसरे मोर्चे की बात करना अभी ठीक नहीं
झारखंड आंदोलनकारी व बेबाक नेता सूर्य सिंह बेसरा से जब इस संबंध में पूछा गया तो वे बोले, हां बात तो हुई है. झारखंड में 2029 चुनाव के पहले तीसरा मोर्चा कैसे बने, इसको लेकर चर्चा भी हुई. जहां तक पूर्व गृहमंत्री सुदेश महतो के साथ तीसरे मोर्चे का संबंध का सवाल है, तो तभी संभव हो पायेगा, जब वे एनडीए (राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन) से बाहर निकले. जब तक सुदेश महतो का मोह भाजपा से भंग नहीं होगा, तब तक उनकी तीसरे मोर्चे में इंट्री का सवाल ही पैदा नहीं होता.


