पिछरी। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत राशि प्राप्त करने के बावजूद कई लाभुकों द्वारा आवास निर्माण कार्य शुरू नहीं किए जाने पर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है।
गुरुवार को बोकारो डीडीसी के निर्देश पर जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) वंदना सोवेलकर एवं पेटरवार बीडीओ संतोष महतो ने पिछरी उतरी पंचायत के विभिन्न मुहल्लों में पांच लाभुकों के आवास स्थलों की जांच की।
जांच के दौरान रोहनियाडीह की लाभुक बेबी देवी रोजगार के सिलसिले में छह माह से राज्य से बाहर पाई गईं। उन्होंने 40 हजार रुपये की निकासी की थी, लेकिन आवास निर्माण शुरू नहीं किया।
डीटीओ ने परिजनों को फटकार लगाते हुए राशि वापस करने का निर्देश दिया और स्पष्ट किया कि निर्माण नहीं करने पर वसूली की जाएगी।
झरना कुल्ही निवासी सुरेश साव ने भी निकासी के बाद निर्माण कार्य नहीं किया। बीडीओ ने उन्हें जल्द कार्य शुरू करने की हिदायत दी। कोचा कुल्ही के समीर सिंह का आवास निर्माण जमीन विवाद के चलते रुका हुआ है जबकि, निर्मल चौधरी की मृत्यु हो चुकी है।


