गुमला। गुमला जिला अंतर्गत जारी थाना क्षेत्र के रुद्रपुर गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आयी है, जहां एक पुत्र ने टांगी से वार करके अपने ही पिता की बेरहमी से हत्या कर दी. मृतक की पहचान 60 वर्षीय गुरुवा मुंडा के रूप में हुई है, जबकि आरोपी पुत्र का नाम सुमन मुंडा (28) बताया गया है. घटना मंगलवार रात की है.
शौच करने निकले गुरुवा मुंडा पर बेटे ने किया हमला
मृतक की पत्नी सिल्मइत मुंडाई ने बताया कि गुरुवा मुंडा रात में शौच करने के लिए घर से बाहर निकले थे. इसी दौरान उनका पुत्र सुमन मुंडा टांगी लेकर आया और अचानक उन पर हमला कर दिया. पति की चीख-पुकार सुनकर पत्नी दौड़ी और बचाने की कोशिश की, लेकिन उस पर भी वार किया गया. वह किसी तरह जान बचाकर चिल्लाते हुए भागी.
गुरुवा को जशपुर के अस्पताल ले जाया गया
सिल्मइत मुंडाई की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे. तब तक आरोपी फरार हो चुका था. ग्रामीणों की मदद से गंभीर रूप से घायल गुरुवा मुंडा को जशपुर (छत्तीसगढ़) अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
कुछ ही घंटों में पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही जारी थाना प्रभारी आदित्य कुमार एवं एसआई रमेश महतो पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आरोपी को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक कागजी कार्रवाई के बाद सुमन मुंडा को न्यायिक हिरासत में भेजा दिया गया. इस घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है. लोग हैरान हैं कि एक पुत्र अपने ही पिता की इतनी क्रूरता से कैसे हत्या कर सकता है.


