Gumla : भरनो प्रखंड में गुरुवार को लगभग 22 हाथियों का झुंड देखा गया, जो लोहरदगा जिले की ओर से अम्लीय क्षेत्र में आया है। झुंड में छोटे बच्चे भी शामिल हैं और उनकी सुरक्षा को देखते हुए हाथी ग्रामीणों पर हमला कर सकते हैं। जिससे ग्रामीणों और किसानों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। लोगों ने शोर मचाकर हाथियों को गांव में प्रवेश करने से रोकने का प्रयास किया। झुंड फिलहाल आसपास के सीमावर्ती जंगलों में डेरा डाले हुए हैं। हालांकि कुछ लोग हाथियों को देखने और उनका वीडियो बनाने के लिए उनके पास जाने की कोशिश कर रहे हैं, जो बेहद खतरनाक हो सकता है।
वन विभाग की तैयारी और अपील
जंगलों में हाथियों की सक्रियता की सूचना मिलते ही स्थानीय वन कर्मी सक्रिय हो गए हैं। जिला वन पदाधिकारी बेलाल अहमद ने ग्रामीणों से हाथियों के पास न जाने और सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने बताया कि विभाग पूरी तरह सक्रिय है और सभी वन कर्मियों को अलर्ट कर दिया गया है।
फसल नुकसान की संभावना
बेलाल अहमद ने बताया कि पूर्व में भी इसी क्षेत्र में 22 हाथियों का झुंड सक्रिय हुआ था, जिसने दो-तीन दिनों तक डेरा डालने के दौरान धान की फसल को नुकसान पहुँचाया था। वर्तमान में ग्रामीणों के खेतों में आलू, गोभी, मटर, गेहूं और रबी की फसलें लगी हुई हैं। हाथियों के झुंड से इन फसलों को नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है।वन विभाग की टीम हाथियों को सुरक्षित क्षेत्र की ओर ले जाने के लिए रणनीति बना रही है और ग्रामीणों को किसी अप्रिय घटना से बचाने के लिए सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है।


