कोडरमा…कोडरमा जिले के मरकच्चो प्रखंड स्थित बेलाडीह गांव में बुधवार को जंगली हाथी के हमले में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान 29 वर्षीय सद्दाम अंसारी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, हाथियों के झुंड के गांव में आने की सूचना मिलने पर सद्दाम कुछ युवकों के साथ हाथी की तस्वीर लेने गया था। इसी दौरान हाथी ने उन्हें देख कर दौड़ाया। अन्य युवक तो भाग निकले, लेकिन सद्दाम का पैर फिसल गया और वह गिर पड़ा।
हाथी ने उसे सूंड से उठाकर कई बार जमीन पर पटका और फिर पैरों से कुचल डाला, जिससे उसकी मौके पर ही गंभीर चोटें आईं। प्रारंभिक इलाज के लिए उसे कोडरमा सदर अस्पताल लाया गया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए रांची रिम्स रेफर किया गया। हालांकि रिम्स ले जाने के क्रम में रास्ते में ही उसकी मृत्यु हो गई।बताया जा रहा है कि हाथियों का झुंड बीते कुछ दिनों से चोपनाडीह और आसपास के गांवों में घूम रहा है। मंगलवार रात को भी डोमचांच थाना क्षेत्र के बहादुरपुर गांव में हाथियों ने उत्पात मचाया था। लगातार घटनाओं के कारण इलाके में दहशत का माहौल है और ग्रामीण रात्रि में जागकर समय बिता रहे हैं। जयनगर प्रखंड में इससे पूर्व भी हाथी चार लोगों की जान ले चुके हैं।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


