कोडरमा। जिले के जयनगर थाना अंतर्गत डकैती घटना को अंजाम देने वाले 4 अंतरराज्यीय अपराधी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। बुधवार को प्रेस वार्ता कर एसपी अनुदीप सिंह ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि विगत माह जयनगर थानान्तर्गत ग्राम सहेबाडीह के शंकर प्रसाद वर्मा के घर में हुई डकैती की घटना में संलिप्त अपराधियों में से कुछ अपराधी कटहाडीह मैदान आस-पास देखे गये है। इस डकैती घटना के संर्दभ में वादी शंकर प्रसाद वर्मा, पिता स्व. रामस्वरूप स्वर्णकार, ग्राम सहेबाडीह थाना जयनगर, जिला- कोडरमा के फर्द बयान के आधार पर जयनगर थाना कांड संख्या 157/25 दर्ज किया था। उक्त सूचना का सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई करने हेतु पुलिस उपाधीक्षक रतिभान सिंह के नेतृत्व मे एक विशेष टीम का गठन किया। गठित टीम के द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए सूचना स्थान पर छापामारी की गई, जिस क्रम में 3 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया, जिससे पूछताछ करने पर उक्त घटना को अंजाम देने की बात स्वीकर की गयी तथा उनके निशानदेही के आधार पर कांड से लूटे गये सोना, चांदी को देवी ज्वेलर्स, गुरारू (गया) के मालिक रंधीर कुमार के दुकान से बरामद कर दुकान मालिक को गिरफ्तार किया गया। रंधीर कुमार ने अपने अपराध स्वीकारोक्ति बयान में बताया कि अपराधियों के द्वारा लूटे गये सोने एवं चांदी को उसने खरीदा था, जिसके एवज में वे अपराधियों को एक लाख अठारह हजार रूपये दिया। गिरफ्तार चारों अपराधियों के अपराध स्वीकारोक्ति बयान, मानवीय एवं तकनीकी साक्ष्य के विश्लेषण एवं अब तक के अनुसंधान से यह ज्ञात हुआ है कि इस घटना को 7 अन्तराज्यीय अपराधियो द्वारा अंजाम दिया गया, जिसमें तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया गया तथा लूट का सोना एवं चांदी खरीदने वाले देवी ज्वेलर्स के दुकानदार रंधीर कुमार को भी गिरफ्तार किया है। शेष अपराधियों की गिरफ्तारी हेतु लगातार छापामारी की जा रही है।
जानें किसकी हुई गिरफ़्तारी और बरामद सामान
मो इसराफिल उर्फ गुड्डू मियाँ, उम्र 45 वर्ष, पिता मो इजराईल, गुमो, थाना तिलैया, राजेश बासफोर, उम्र 30 वर्ष, पिता जमुना बासफोर, पता बक्सुबिघा, जिला गया, राजेश पासवान, उम्र करीब 35 वर्ष, पिता स्व सुखदेव पासवान, कुण्डी नवादा, जिला गया, रंधीर सोनी, उम्र 30 वर्ष, पिता देवीलाल स्वणाकरी, साकिम गुरारू बारा, जिला गया के नाम शामिल है। इनमें मो इसराफिल उर्फ गुड्डू पर विभिन्न थानों में 28 और राजेश बासफोर पर 13 मामले दर्ज हैं। वहीं इनके पास से चुराया हुआ चाँदी 394 ग्राम, चांदी का ज्वेरात 597.600 ग्राम, सोना 6.85 ग्राम, विभिन्न कम्पनियों का मोबाईल तीन मोबाइल फोन। इनकी गिरफ्तारी में पुलिस उपाधीक्षक रतिभान सिंह, जयनगर थाना प्रभारी बबलु कुमार, पुअनि विकास कुमार, जयनगर थाना, पुअनि अभिमन्यु पडिहारी, प्रभारी तकनीकी शाखा, कोडरमा, सशस्त्र बल जयनगर थाना की भूमिका रही।


