पलामू : पलामू में आरएमएस (रेल डाक सेवा) की गलती की वजह से 6 हजार अभ्यर्थियों को भविष्य खतरे में पड़ गया. फॉर्म समय से जमा नहीं होने के कारण अभ्यर्थी एग्जाम नहीं दे पाये. जानकारी के अनुसार, पलामू जिले में फोर्थ ग्रेड कर्मचारी की बहाली को लेकर फॉर्म भरने की अंतिम तिथि पांच जुलाई थी. अंतिम दिन सबसे अधिक 15 हजार फॉर्म जमा हुए.
नियोजन कार्यालय नहीं पहुंचे आवेदन
लेकिन आरएमएस की गलती के कारण छह हजार से ज्यादा फार्म नियोजन कार्यालय में जमा नहीं हो सके. इससे ये अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होने से वंचित हो गये. बताया गया कि जिन लोगों ने पांच जुलाई को हेड पोस्ट ऑफिस छोड़कर बाकी जगह के पोस्ट ऑफिस से रजिस्ट्री करायी थी. उनके आवेदन नियोजन कार्यालय में नहीं पहुंचे.
आरएमएस में ही रह गयी रजिस्ट्री
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इसका मुख्य कारण है कि आवेदन विभिन्न पोस्ट ऑफिस से रजिस्ट्री हुई थी. उसे आरएमएस में भेजा जाता है. इसके बाद आरएमएस द्वारा रजिस्ट्री को हेड ऑफिस डाल्टनगंज भेजा जाता है. लेकिन पांच जुलाई को प्राप्त सभी रजिस्ट्री आरएमएस में ही रह गया. इसके बाद छह जुलाई को रविवार होने के कारण अभ्यर्थियों का आवेदन जिला नियोजन कार्यालय में जमा नहीं हो सका. इस घटना के बाद पीड़ित अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों में काफी रोष है.


