Palamu : जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र से पुलिस ने एक फर्जी आईएएस अधिकारी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान राजेश कुमार के रूप में हुई है, जो पलामू के हैदरनगर थाना क्षेत्र के कुकही गांव का रहने वाला है।
राजेश कुमार 2 जनवरी को हुसैनाबाद थाना पहुंचा था, जहां उसने खुद को 2014 बैच का ओडिशा कैडर आईएएस अधिकारी बताया। उसने यह भी दावा किया कि वह ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में सीएओ पद पर तैनात है।
थाना प्रभारी को आरोपी की बातों पर उस समय शक हुआ, जब उसने बताया कि वह भुवनेश्वर, देहरादून और हैदराबाद जैसे अलग-अलग शहरों में काम कर चुका है। जब उससे अलग-अलग राज्यों में पोस्टिंग को लेकर सवाल किया गया, तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।
इसके बाद पुलिस ने उससे पहचान पत्र और नियुक्ति से जुड़े दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई वैध कागजात नहीं दिखा पाया। तलाशी के दौरान उसके पास से फर्जी आईएएस पहचान पत्र बरामद किया गया। साथ ही वह अपनी गाड़ी पर ‘गवर्नमेंट ऑफ इंडिया, सीएओ, टेलीकम्युनिकेशन डिपार्टमेंट’ लिखा हुआ बोर्ड लगाकर घूम रहा था।
हुसैनाबाद एसडीपीओ मोहम्मद याकूब ने बताया कि जांच में सामने आया है कि राजेश कुमार पिछले 6 से 7 वर्षों से खुद को आईएएस अधिकारी बताकर लोगों को प्रभावित करने की कोशिश कर रहा था। उसने यूपीएससी की परीक्षा चार बार दी थी, लेकिन सफल नहीं हो सका।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हुसैनाबाद थाना में गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।


