संगठन के आदेश का अवहेलना हुआ तो अगली बार जान भी जाएगा!
हज़ारीबाग/चरही। हजारीबाग जिला के चरही थाना क्षेत्र के तापीन नॉर्थ कोल कंपनी से बड़ी खबर निकलकर सामने आ रही है। यहां पर बीती रात प्रतिबंधित संगठन टीपीसी के सदस्यों ने जमकर तांडव मचाया है। टीपीसी के नक्सलियों ने कोलियरी में खड़े तीन हाईवा और तीन लोडर मशीन में आग लगा दी। जिससे वाहन धू धू कर कर जलने लगा। टीपीसी के सदस्यों ने फरमान जारी किया है कि जब तक संगठन से कोई बात नहीं होता है। तब तक कोलियरी का सारा काम बंद रहेगा। आदेश नहीं मानने पर इससे भी बड़ा धमाका होगा।
क्या है मामला
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार चरही थाना क्षेत्र के तापीन नॉर्थ कोलियरी में बीती रात नक्सली संगठन टीपीसी के सदस्यों ने जमकर तांडव मचाया है। यहां पर आउटसोर्सिंग कार्य में जुटी आरकेएस आउटसोर्सिंग कंपनी की तीन हाईवा (वॉल्वो) और तीन लोडर मशीन को आग के हवाले कर दिया। इसके बाद संगठन के सदस्यों ने एक पर्चा छोड़कर कंपनी के विरुद्ध फरमान जारी कर दिया है। घटना के बाद कोलियरी में काम करने वाले मजदूर अधिकारी कर्मी दहशत में है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है। पुलिस का दावा है कि घटना में शामिल नक्सलियों को बहुत जल्द दबोच लिया जाएगा।
छोड़ा पर्चा, जारी किया फरमान
घटना के बाद घटनास्थल पर तृतीय प्रस्तुति कमेटी (टीपीसी) के सदस्यों ने गुरुदेव जी के नाम से एक पर्चा छोड़ा है। जिसमें गुरुदेव जी के हवाले से लिखा है कि तापीन नॉर्थ कॉल कंपनी के अंदर काम करने वाले सभी निजी कंपनियों को जैसे आरकेएस, आरटीसी, शिव इंटरप्राइजेज के जीएम और पीओ के अलावा वहां काम करने वाले सभी कर्मचारी मुंशी डीओ होल्डर, ट्रांसपोर्टर, मालिक, पेलोडर के मालिक को सूचित किया जाता है कि जब तक संगठन से बात नहीं हो जाती है। तब तक सभी लोग अपना-अपना काम बंद रखेंगे। संगठन के बातों को अवहेलना करते हैं, तो इसका नतीजा बहुत बुरा होगा। अगले बार नुकसान के साथ-साथ जान भी जा सकता है।


