रामगढ़। जिले में सक्रिय संगठित अपराध पर बड़ी कार्रवाई करते हुए रामगढ़ पुलिस ने राहुल दुबे गिरोह के सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक रामगढ़ के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पतरातु के नेतृत्व में गठित विशेष छापामारी दल ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए कुल 6 अपराधियों को गिरफ्तार तथा एक विधि विरुद्ध किशोर को निरुद्ध किया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि पतरातु थाना क्षेत्र में कुछ अपराधी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य एवं मानवीय आसूचना के आधार पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अपराधियों के पास से अवैध हथियार, जिंदा कारतूस, बाइक एवं मोबाइल बरामद किए।
बरामद सामान
- 01 अवैध लोडेड 7.62 एमएम देशी पिस्टल
- 02 मैगजीन
- 34 जिंदा गोली
- 03 मोटरसाइकिल
- 06 एंड्रॉयड मोबाइल
गिरफ्तार अपराधी
- विकास साव – साकुल, पतरातु
- विशाल कुमार – कुंडी, टंडवा (चतरा)
- बिटु कुमार रवि – तेलियातु, बरकाकाना
- हीरालाल कुमार – परसोतिया, रामगढ़
- दिगम्बर प्रजापति उर्फ डेगन – जयनगर, पतरातु
- एहतेसाम अंसारी उर्फ दुलर्भ – जयनगर, पतरातु
- एक विधि विरुद्ध किशोर निरुद्ध
कई गोलीबारी घटनाओं में स्वीकार की संलिप्तता
पूछताछ में गिरफ्तार अपराधियों ने खुद को राहुल दुबे गिरोह का सक्रिय सदस्य बताया। पुलिस के अनुसार इन अपराधियों ने पतरातु क्षेत्र में रेलवे फ्लाईओवर गेट पर फायरिंग, ओसम डेयरी प्लांट गेट पर गोलीबारी तथा अल्ट्राटेक सीमेंट प्लांट में फायरिंग की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस ने बताया कि अपराधी किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे थे, लेकिन समय रहते कार्रवाई कर उन्हें दबोच लिया गया।
गंभीर धाराओं में मामला दर्ज
इस मामले में पतरातु थाना कांड संख्या 126/26 दर्ज किया गया है। गिरफ्तार अपराधियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) एवं आर्म्स एक्ट की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।
अपराधियों का आपराधिक इतिहास भी खंगाल रही पुलिस
गिरफ्तार अभियुक्तों में विकास साव, दिगम्बर प्रजापति उर्फ डेगन और बिटु कुमार रवि पर पूर्व से कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें रंगदारी, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, यूएपीए एवं संगठित अपराध से जुड़े मामले शामिल हैं। विशेष रूप से दिगम्बर प्रजापति उर्फ डेगन पर रामगढ़, पतरातु एवं एटीएस थाना में कई संगीन मामले दर्ज हैं।
विशेष छापामारी दल में शामिल अधिकारी
इस कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पतरातु राघवेन्द्र शर्मा के नेतृत्व में पतरातु थाना, भदानीनगर ओपी, भुरकुंडा ओपी एवं तकनीकी शाखा की टीम शामिल रही। पुलिस अधिकारियों एवं जवानों की संयुक्त कार्रवाई से यह सफलता मिली। रामगढ़ पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।


