रांची. सावन मास की पहली सोमवारी आज है. रांची के प्रसिद्ध पहाड़ी बाबा मंदिर समेत सभी प्रमुख शिवालयों में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ने की संभावना है. भक्त अहले सुबह से ही भोलेनाथ को जलाभिषेक करने के लिए मंदिरों में कतारबद्ध होंगे. भीड़ को व्यवस्थित करने के लिए पहाड़ी मंदिर में सोमवार की सुबह सरकारी पूजा-अर्चना के बाद अरघा लगाया जायेगा. श्रद्धालुओं को आसानी से जलाभिषेक का अवसर मिलेगा. यह अरघा मुख्य मंदिर, विश्वनाथ मंदिर और महाकाल मंदिर में भी लगाया जायेगा और भीड़ को देखते हुए दिन में हटाया जायेगा. पहली सोमवारी को लेकर राजधानी के प्रमुख मंदिरों में भी विशेष सजावट की गयी है. मंदिरों को फूलों, रंग-बिरंगी झालरों और लाइटिंग से सजाया गया है. जल, प्रसाद, बेल पत्र आदि की समुचित व्यवस्था की गयी है ताकि भक्तों को किसी प्रकार की असुविधा न हो. शाम को सभी मंदिरों में विशेष शृंगार किया जायेगा और आरती के साथ प्रसाद वितरण होगा.
जिला प्रशासन का श्रद्धालुओं से अपील
प्रशासन और मंदिर प्रबंधन समिति ने श्रद्धालुओं से सावधानी बरतने की अपील की है. मोबाइल और अन्य कीमती सामान का विशेष ध्यान रखें.कांच की बोतलों में जल लाने से परहेज करें.
छोटे बच्चों का विशेष ध्यान रखें.भारी आभूषण पहनने से बचें.
भीड़ में धक्का-मुक्की से बचें.
किसी भी परेशानी की स्थिति में पास में मौजूद मजिस्ट्रेट या पुलिसकर्मी से तुरंत संपर्क करें.


