रामगढ़। रविवार की दोपहर रामगढ़ शहरी व ग्रामीण क्षेत्र में जमकर 2 घंटे तक मूसलाधार बारिश हुई। बारिश के बाद ओल्ड एनएन 33 रामगढ़ कॉलेज के समीप सड़क पर दो फीट से ज्यादा जलजमाव हो गया। वहीं सड़क के किनारे स्थित कई निजी अस्पताल व घरों में बारिश का पानी प्रवेश कर गया। इतना ही नहीं रामगढ़ कॉलेज कॉलोनी और पतरातू बस्ती के न्यू कॉलोनी में दर्जनों लोगों के घरों में बारिश का पानी प्रवेश करने से लोगों की परेशानी बढ़ गई। कई मुहल्ला–टोला में बारिश के पानी के जलजमाव से कई बाइक व स्कूटी सवार असंतुलित होकर दुर्घटनाग्रसत हो गये। विगत बारह दिनों से लगातार रूक-रूक कर बारिश होने से जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया।
पतरातू बस्ती स्थित न्यू कॉलोनी के मिताली, राहुल सहित कई लोगों ने बताया कि उक्त क्षेत्र में पहली मौनसून में ही तीन-चार बार लोगों के घरों में बारिश का पानी प्रवेश कर गया है। जिससे लोगों के हजारों रुपये के कीमती समान नष्ट हो गये हैं। अत्याधिक बारिश होने के कारण कई पक्का छतों से भी बारिश का पानी टपकने लगा है।
ओल्ड एनएच 33 कॉलेज रोड में सड़क पर जलजमाव से घंटो यातायात रहा प्रभावित
शहरी क्षेत्र के ओल्ड एनएच 33 कॉलेज रोड पर आर्शीवाद हॉस्पीटल के समीप सड़क पर दो फीट से ज्यादा जल जमाव के बाद घंटो यातायात प्रभावित रहा। सड़क पर जलजमाव के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित होने से वाहनों की लंबी कतार लगी रही। इतना ही नहीं सड़क के किनारे स्थित आर्शीवाद हॉस्पीटल सहित कई घरों में बारिश का पानी प्रवेश कर गया। जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। लोग घर में घुसे बारिश के पानी को पंप से निकालते नजर आये।


