गिरिडीह. गिरिडीह जिले के बगोदर थाना क्षेत्र के लच्छीबागी गांव से मंगलवार को एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में मौत का मामला सामने आया है। पुलिस ने घर से महिला का शव बरामद किया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका की पहचान कोडरमा जिला के मसनोडीह निवासी सुमित्रा कुमारी के रूप में हुई है, जिसकी शादी 2 महीने पहले बगोदर के शुभम मेहता से हुई थी।
ससुरालवालों पर हत्या का आरोप
सुमित्रा की मौत के बाद मायके पक्ष ने ससुरालवालों पर हत्या का आरोप लगाया है। मृतका की मां विमला देवी ने बगोदर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए कहा कि शादी के बाद से ही दामाद और उसके परिवार वाले दहेज में बाइक की मांग कर रहे थे। मांग पूरी नहीं होने पर सुमित्रा को लगातार प्रताड़ित किया जाता था। विमला देवी का आरोप है कि ससुरालवालों ने सुमित्रा के साथ मारपीट कर उसकी हत्या कर दी। शव पर गला दबाने के निशान भी मिले हैं।
दर्ज प्राथमिकी में पति शुभम मेहता समेत सास-ससुर आरोपी
दर्ज प्राथमिकी में पति शुभम मेहता, ससुर पप्पू मेहता, सास मुन्नी देवी, पार्वती मोसोमात और खुशी कुमारी को आरोपी बनाया गया है। बगोदर थाना प्रभारी विनय कुमार यादव ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला दहेज हत्या का लग रहा है। पुलिस ने मृतका के पति और सास को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।


