सूर्या हांसदा का एनकाउंटर फर्जी, सीबीआई करे जांच : जयराम
रांची। झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेकेएलएम) के विधायक जयराम महतो ने सूर्या हांसदा के एनकाउंटर को फर्जी करार दिया है। उन्होंने इस मामले की जांच केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से कराने की मांग की है। रांची में विधानसभा के बाहर पत्रकारों से बातचीत में विधायक जयराम महतो ने कहा कि इस मामले में सीआईडी जांच पर भरोसा नहीं किया जा सकता है। सूर्या हांसदा के शव की स्थिति और गोली के घाव से साफ है कि उसका फर्जी एनकाउंटर पुलिस ने किया है। उन्होंने कहा कि इस मामले की सीबीआई जांच होनी चाहिए, ताकि सच सामने आ सके।
दिशोम गुरु शिबू सोरेन को देश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘भारत रत्न’ देने की मांग
जयराम महतो ने दिशोम गुरु शिबू सोरेन को देश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘भारत रत्न’ देने की मांग का भी समर्थन किया। उन्होंने कहा कि जेकेएलएम इस मांग का समर्थन करता है और उन्हें लगता है कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन इसके लिए उपयुक्त पात्र हैं। जेकेएलएम अध्यक्ष जयराम महतो ने कहा कि वर्तमान में जो स्थिति देश की है, उसमें 30 दिनों की न्यायिक हिरासत के बाद स्वतः प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और मंत्री के पद से बर्खास्त हो जाने वाला कानून ठीक नहीं होगा। उन्होंने कहा कि इसका गलत उपयोग होने की पूरी संभावना है।
मतदाता विशेष गहन पुनरिक्षण (एसआईआर) का समर्थन
जयराम महतो कहा कि वह मतदाता विशेष गहन पुनरिक्षण (एसआईआर) का समर्थन करते हैं। लेकिन इसके पीछे का उद्देश्य एक मतदाता का नाम किसी एक ही जगह पर मतदाता सूची में होना चाहिए। यह नहीं होना चाहिए कि एक ही मतदाता का अलग-अलग और कई राज्यों के मतदाता सूची में नाम हो।


