Ranchi : शिक्षा और छात्र हितों के मुद्दों को लेकर चल रही 6 दिवसीय छात्र अधिकार पदयात्रा मंगलवार को अपने अंतिम चरण में पहुंच गई। यह 20 किलोमीटर लंबी पदयात्रा बूटी मोड़ से शुरू हुई और शहर के प्रमुख इलाकों से होकर पुरानी विधानसभा परिसर तक पहुंचेगी।
पदयात्रा का नेतृत्व जेएलकेएम नेता देवेंद्र नाथ महतो कर रहे हैं। शुरुआत में बड़ी संख्या में छात्र, युवा प्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए। सभी ने हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर शिक्षा सुधार, रोजगार और छात्र अधिकारों की मांग को जोरदार तरीके से उठाया।
पदयात्रा बरियातू, रेडियम रोड, रातू रोड, अरगोड़ा चौक और बिरसा चौक जैसे इलाकों से गुज़री। कई स्थानों पर स्थानीय नागरिकों ने भी पदयात्रा में भाग लेकर छात्रों का समर्थन किया।
देवेंद्र नाथ महतो ने कहा, “यह यात्रा सिर्फ प्रतीकात्मक नहीं है। यह छात्रों की वास्तविक समस्याओं को उजागर करने का बड़ा अभियान है। कई छात्र आर्थिक और नीतिगत चुनौतियों से जूझ रहे हैं। सरकार को शिक्षा और रोजगार के लिए अब निर्णायक कदम उठाने होंगे।”
महतो ने यह भी कहा कि यह पदयात्रा गांवों, कस्बों और शहरों से गुजरते हुए छात्रों और युवाओं की भावनाओं को एकजुट करने का माध्यम बनी है।
सूत्रों के अनुसार, पदयात्रा का समापन पुरानी विधानसभा परिसर में होगा। इस कार्यक्रम को शिक्षा और छात्र अधिकारों के मुद्दों पर व्यापक बहस को बढ़ावा देने वाला माना जा रहा है।


