रांची। रांची में कानून व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए एसएसपी ने बड़ी कार्रवाई की है। काम में लापरवाही और कर्तव्य के प्रति उदासीनता दिखाने वाले कुल 9 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया है। इसके अलावा 2 अन्य पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मिली खबर के मुताबिक डोरंडा और खरसीदाग थाना क्षेत्र के कर्मियों पर भी गाज गिरी है। इन पुलिसकर्मियों पर ड्यूटी के दौरान गंभीर लापरवाही बरतने, मामलों की सही ढंग से जांच न करने और अनुशासनहीनता जैसे आरोप सामने आए थे। एसएसपी ने इन मामलों को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई का आदेश दिया।
थाना स्तर पर हड़कंप
इस कार्रवाई के बाद रांची पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। डोरंडा और खरसीदाग थाने में तैनात बाकी स्टाफ को भी साफ संदेश मिल गया है कि ड्यूटी में कोताही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
एसएसपी ने स्पष्ट किया है कि पुलिस विभाग में अनुशासन सर्वोपरि है। जनता की सुरक्षा और विश्वास बनाए रखने के लिए हर अधिकारी और कर्मचारी को अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन ईमानदारी से करना होगा। लापरवाही पर अब ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई जाएगी।


