जामताड़ा : जामताड़ा जिले में अपराध नियंत्रण में लापरवाही बरतने के मामले में एसपी राजकुमार मेहता ने कड़ी कार्रवाई की है। जामताड़ा थाना क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण नहीं करने के आरोप में थानेदार संतोष कुमार सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
वहीं, 25/26 दिसंबर की रात मिहिजाम थाना क्षेत्र में स्थित शिर्डी ज्वेलरी दुकान में चोरी की घटना हुई थी। इस घटना के समय पुलिस की रात्रि गश्ती व्यवस्था को लेकर गंभीर लापरवाही सामने आई है। आरोप है कि गश्ती दल और टाइगर मोबाइल टीम ने ठीक से रात्रि गश्त नहीं की और क्षेत्र में असामाजिक तत्वों व अपराधियों पर निगरानी नहीं रखी।
इस मामले में मिहिजाम थाना की रात्रि गश्ती टीम में शामिल एएसआई अजय कुमार, आरक्षी संख्या 567 परमेश्वर मंडल और आरक्षी संख्या 206 मनबोध कुमार सिंह साथ ही मिहिजाम टाइगर मोबाइल टीम के आरक्षी निशांत चक्रवर्ती और आरक्षी प्रदीप दास को भी निलंबित कर लाइन हाजिर कर दिया गया है।एसपी राजकुमार ने साफ कहा है कि अपराध नियंत्रण में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिसकर्मियों को अपने कर्तव्यों का ईमानदारी और सतर्कता के साथ पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।


