एसपी राजकुमार मेहता की सख्त पहल, पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देश, बिना हेलमेट नहीं मिलेगा पेट्रोल
जामताड़ा। जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर एक अहम और सख्त कदम उठाया गया है। जिला पुलिस अधीक्षक राजकुमार मेहता ने बिना हेलमेट दोपहिया चालकों को पेट्रोल न देने का निर्देश सभी पेट्रोल पंप संचालकों को दिया है। इस आदेश का उद्देश्य दोपहिया वाहन चालकों में हेलमेट पहनने की आदत को मजबूती से लागू करना और सड़क दुर्घटनाओं को कम करना है।
प्रमुख पेट्रोल पंप संचालकों के साथ एसपी ने की बैठक
जिले के सभी प्रमुख पेट्रोल पंप संचालकों के साथ बैठक करते हुए एसपी ने कहा कि ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन लोगों की जान के लिए खतरा बन चुका है। विशेष रूप से युवाओं में हेलमेट न पहनने की प्रवृत्ति बढ़ती जा रही है, जिसे रोकना अत्यंत आवश्यक है। इस दिशा में पेट्रोल पंप संचालकों की भूमिका अहम मानी जा रही है।
दोपहिया चालक बिना हेलमेट के पेट्रोल भरवाने आए, उन्हें ईंधन न दिया जाए
एसपी ने स्पष्ट रूप से निर्देश दिया कि जो भी दोपहिया चालक बिना हेलमेट के पेट्रोल भरवाने आए, उन्हें ईंधन न दिया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि इस नियम के उल्लंघन पर संबंधित पंप संचालक के खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है। इस पहल को लेकर शहरवासियों में मिली-जुली प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। कई लोगों ने इसे एक सराहनीय कदम बताया है जो सड़क सुरक्षा के प्रति गंभीरता को दर्शाता है, वहीं कुछ लोगों ने इसे अचानक और असुविधाजनक बताया।पुलिस प्रशासन की ओर से यह भी बताया गया कि आने वाले दिनों में इस नियम का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के लिए पेट्रोल पंपों की औचक जांच की जाएगी। यह कदम जिले को हेलमेट सुरक्षा की दिशा में एक अनुकरणीय उदाहरण बनाने की ओर बढ़ता कदम है।


