Ranchi : झारखंड की राजधानी रांची से करीब 50 किलोमीटर दूर खलारी थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना हुई। यहां 35 वर्षीय युवक सुनील केवट ने अपनी प्रेमिका को सीने में गोली मार दी। इसके बाद वह घर लौटा और खुद के सिर में गोली मारकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
रूरल एसपी प्रवीण पुष्कर ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि यह वारदात सुबह 9 से सवा 9 बजे के बीच हुई। लड़की घर से बाहर निकल रही थी, तभी केडीएच ग्राउंड के पास सुनील ने उसे घेर लिया और गोली चला दी। गोली लगते ही वह जमीन पर गिर गई। आसपास के लोगों ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन हालत गंभीर होने पर रांची रेफर कर दिया गया।
घटना के बाद सुनील घर गया और करीब 10 मिनट का वीडियो रिकॉर्ड किया। इसमें उसने बताया कि लड़की ने उसे धोखा दिया। जांच से पता चला है कि दोनों के बीच छह साल से प्रेम संबंध थे और वे एक ही मोहल्ले में रहते थे। हाल ही में लड़की की शादी कहीं और तय हो गई थी, जिससे सुनील बेहद परेशान था। यही वजह बताई जा रही है कि उसने यह कदम उठाया।


