New Delhi : देश की राजधानी नई दिल्ली और देशभर में 13 और 14 दिसंबर को संभावित आतंकवादी हमलों को लेकर खुफिया और सुरक्षा एजेंसियां गंभीर अलर्ट पर हैं। 13 दिसंबर को संसद हमले की बरसी है, जबकि 14 दिसंबर को दिल्ली में यहूदियों का आठ दिवसीय शीतकालीन उत्सव हनुक्का मनाया जाएगा। सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, लाल किला के पास 10 नवंबर को हुए धमाके के बाद से सुरक्षा पर विशेष ध्यान रखा जा रहा है। खालिस्तानी संगठन सिख फॉर जस्टिस (एसएफजे) और आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू ने वीडियो जारी कर इस दौरान हमले की धमकी दी है।
दिल्ली पुलिस की एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पन्नू हर साल संसद हमले की बरसी पर वीडियो जारी कर हमला करने की धमकी देता है। इस बार भी उसने ऐसा ही किया है। सुरक्षा अधिकारियों का कहना है कि एसएफजे के आतंकवादी राजधानी में कहीं भी देशविरोधी नारे लिख सकते हैं या पोस्टर चिपका सकते हैं। पन्नू ने पहले विवादित नक्शा जारी किया था, जिसमें पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली शामिल थे। अधिकारियों ने जनता से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस या स्थानीय सुरक्षा एजेंसियों को देने की अपील की है।


