देश-विदेश: महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार का अंतिम संस्कार गुरुवार को बारामती के काटेवाड़ी स्थित विद्या प्रतिष्ठान मैदान में संपन्न हुआ। अजित पवार को उनके दोनों बेटे पार्थ और जय पवार ने मुखाग्नि दी। इस दौरान उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार, चाचा शरद पवार और बेटी सुप्रिया सुले भी मौजूद रहे।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, गोवा के सीएम प्रमोद सावंत, पूर्व गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे, आंध्र प्रदेश के मंत्री नारा लोकेश और MNS प्रमुख राज ठाकरे भी अंतिम यात्रा में शामिल हुए। हजारों लोग पवार को श्रद्धांजलि देने के लिए उपस्थित रहे।
अजित पवार का चार्टर्ड प्लेन बुधवार सुबह 8:45 बजे बारामती एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान क्रैश हो गया था। हादसे में पवार के सुरक्षाकर्मी, दो पायलट और एक महिला क्रू समेत कुल 5 लोगों की मौत हुई। अजित पवार 66 वर्ष के थे और 5 फरवरी को पुणे में होने वाले जिला परिषद चुनावों के लिए 4 रैलियों को संबोधित करने वाले थे। उनके निधन पर महाराष्ट्र में 3 दिन का राजकीय शोक रखा गया है।


