Ranchi : रांची के धुर्वा इलाके से लापता मासूम अंश और अंशिका को लेकर पुलिस और प्रशासन की चिंता बढ़ गई है। दोनों बच्चों का अब तक कोई सुराग नहीं मिलने के बाद पुलिस ने इनाम की राशि बढ़ा दी है। अब जो कोई भी अंश और अंशिका के बारे में सही और पुख्ता जानकारी देगा, उसे दो लाख रुपये का इनाम दिया जाएगा।इस मामले को लेकर रविवार को पूरे धुर्वा इलाके में बंद रखा गया। स्थानीय लोगों ने बच्चों की सुरक्षित बरामदगी की मांग को लेकर दुकानें बंद रखीं और सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। लोगों में गुस्सा और चिंता दोनों देखने को मिली। पुलिस के अनुसार, बच्चों की तलाश के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। धुर्वा और आसपास के इलाकों में संदिग्ध ठिकानों की जांच की जा रही है। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, सार्वजनिक स्थानों और शहर के बाहर जाने वाले रास्तों पर भी कड़ी निगरानी रखी गई है।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बच्चों की सुरक्षित वापसी उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से इनाम की राशि बढ़ाने का फैसला लिया गया है, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग जानकारी देने के लिए आगे आएं। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि अगर किसी को अंश और अंशिका के बारे में कोई भी जानकारी मिलती है, तो तुरंत नजदीकी थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


