Ranchi : परमवीर चक्र विजेता लांस नायक अल्बर्ट एक्का की जयंती के अवसर पर रांची के अल्बर्ट एक्का चौक पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस मौके पर रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर नमन किया।
कार्यक्रम के बाद संजय सेठ ने झारखंड सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य सरकार ने एक बार फिर वीर सपूत की जयंती को नजरअंदाज किया है। उन्होंने कहा कि न तो किसी तरह का सरकारी आयोजन हुआ और न ही सम्मान देने की कोई पहल दिखी।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार प्रचार-प्रसार में तो सक्रिय रहती है, लेकिन देश के लिए बलिदान देने वाले परमवीर चक्र विजेताओं को याद करने में पीछे रह जाती है।
संजय सेठ ने कहा कि शहीदों का सम्मान केवल शब्दों से नहीं, बल्कि ठोस कार्यों से होना चाहिए। उन्होंने राज्य सरकार से अपील की कि वीर जवानों की स्मृति और सम्मान के लिए स्थायी व्यवस्था की जाए।


