पूर्वी सिंहभूम…पूर्वी सिंहभूम जिले के जमशेदपुर से सटे कोवाली थाना क्षेत्र में एक कच्चा मकान ढह गया. इसमें 2 महिलाएं दब गयी. दोनों मां-बेटी थीं. बेटी की मौत हो गयी है और मां गंभीर रूप से घायल है. घटना कोवाली थाना क्षेत्र के हेंसड़ा पंचायत अंतर्गत मुकुंदासाई की है.
पूर्वी सिंहभूम जिले में मानसून के सीजन में हुई भारी बारिश की वजह से कच्चा मकान शुक्रवार की रात अचानक धंस गया. घर में मां-बेटी दोनों सो रहीं थीं. दोनों मलबे के नीचे दब गयीं. मलबे में दबने और चोट लगने की वजह से बेटी की मौत हो गयी.घटना की सूचना मिलने पर पोटका थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया. स्थानीय मुखिया संगीता सरदार ने पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की है.लोगों ने बताया कि चाकड़ी पंचायत के नाचोसाई निवासी बबलू सरदार अपनी पत्नी उर्मिला सरदार एवं 6 बच्चों के साथ मुकुंदासाई मौजा में रहते थे. पिछले दिनों लगातार बारिश की वजह से उनका घर कमजोर हो गया था. गरीबी के कारण वह उसी घर में रहने के लिए मजबूर थे.शुक्रवार की रात बबलू सरदार, उनकी पत्नी उर्मिला सरदार और 6 बच्चे घर में सो रहे थे. अचानक से एक तरफ का हिस्सा धंसकर गिर गया. घर के अंदर सो रही उर्मिला सरदार और उनकी पुत्री बिमला सरदार (5) दब गयी.बिमला सरदार की मौके पर ही मृत्यु हो गयी, जबकि उर्मिला सरदार जख्मी हो गयी. उसे कमर में चोट लगी है. उर्मिला सरदार को प्राथमिक उपचार के लिए पोटका पुलिस अपने साथ अस्पताल ले गयी.


