देश-विदेश: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का ऑक्शन 16 दिसंबर को अबू धाबी के एतिहाद एरीना में होगा। इस ऑक्शन में पूर्णिया सांसद पप्पू यादव के बेटे सार्थक रंजन का नाम भी शॉर्टलिस्ट किया गया है। सार्थक का बेस प्राइस 30 लाख रुपये है। सार्थक दिल्ली के लिए रणजी ट्रॉफी खेलते हैं और एक ओपनिंग बैट्समैन हैं। दिल्ली प्रीमियर लीग (DPL) 2025 में उन्होंने 9 मैचों में 448 रन बनाए थे और ऑरेंज कैप भी जीता था। इस दौरान उन्होंने 58 गेंदों पर शतक जड़ा, जिसमें 7 चौके और 7 छक्के शामिल थे। DPL में उनकी शानदार बल्लेबाजी के कारण उनकी IPL में खेलने की चर्चा लंबे समय से थी।
सार्थक ने 2016 में दिल्ली की ओर से डेब्यू किया। उन्होंने फर्स्ट क्लास में 2, लिस्ट A में 4 और T20 में 5 मैच खेले हैं। फर्स्ट क्लास में उनके नाम 28 रन, लिस्ट A में 106 रन और T20 में 66 रन दर्ज हैं। उनका टी20 डेब्यू 2 जनवरी 2016 को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में हुआ था। सार्थक रंजन को 2018 में दिल्ली की टीम में शामिल किया गया था, तब विवाद भी हुआ था। उन्हें बिना मैच खेले टीम में शामिल कर लिया गया, जबकि अंडर-23 के टॉप स्कोरर हितेन दलाल रिजर्व में बैठे थे। उस समय सार्थक की उम्र केवल 21 साल थी।


