पत्रकारों की समस्याओं और आपदा मित्र प्रशिक्षण पर हुई विशेष चर्चा*
*रामगढ़।* प्रेस क्लब रामगढ़ के अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार बीरू ने सोमवार को उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज से उनके कार्यालय में शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान पत्रकारों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं, उनके हितों की रक्षा और सुरक्षा संबंधी मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई।
क्लब के अध्यक्ष ने पत्रकारों के चुनौतियों से डीसी को कराया अवगत
अध्यक्ष बीरू कुमार ने जिले में कार्यरत पत्रकारों को समाचार संकलन के दौरान होने वाली चुनौतियों, सुरक्षा की आवश्यकता, प्रशासनिक सहयोग और सम्मानजनक व्यवहार जैसे विषयों को प्रमुखता से रखा। डीसी ने पत्रकारों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए आश्वस्त किया कि प्रशासन हरसंभव मदद के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि मीडिया लोकतंत्र का मजबूत स्तंभ है और उसकी स्वतंत्रता व सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है।
*आपदा मित्र प्रशिक्षण में भागीदारी का निमंत्रण*
इस मुलाकात के दौरान डीसी फैज अक अहमद मुमताज ने टाउन हॉल में चल रहे आपदा मित्र प्रशिक्षण कार्यक्रम की जानकारी साझा की और प्रेस क्लब रामगढ़ को इस विशेष प्रशिक्षण में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज के जागरूक प्रहरी होते हैं और आपदा की स्थिति में उनकी भूमिका बेहद अहम हो सकती है। डीसी ने बताया कि प्रशिक्षण में भाग लेने वाले पत्रकारों को प्रमाण पत्र भी प्रदान किया जाएगा, जो भविष्य में उनकी सक्रिय सहभागिता का प्रमाण होगा। इस प्रशिक्षण में आपदा के समय राहत, बचाव और सूचनाओं के त्वरित प्रसारण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी जाएंगी।
*प्रेस क्लब रामगढ़ के अध्यक्ष ने की अपील
प्रेस क्लब रामगढ़ के अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार बीरू ने क्लब के सभी पत्रकारों से आग्रह किया है कि जो सदस्य आपदा मित्र प्रशिक्षण में भाग लेने के इच्छुक हैं, वे अपना नाम शीघ्र ही प्रेस क्लब के वॉट्सएप ग्रुप या उन्हें व्यक्तिगत रूप से भेज दें। प्राप्त नामों की सूची प्रशासन को सौंपी जाएगी, ताकि सभी पत्रकार निर्धारित तिथि पर प्रशिक्षण में सम्मिलित हो सकें। प्रशिक्षण की तिथि और अन्य आवश्यक जानकारी जल्द ही साझा की जाएगी।


