राज्य ब्यूरो
पटना। बिहार के तीन जिलों में पुलिस पर एक के बाद एक हमले की घटना प्रकाश में आई है. कहीं पुलिस पर मिर्ची पाउडर से तो कहीं ईंट-पत्थर से हमला किया गया. दरअसल, आरा शाहपुर थाना इलाके की नगर पंचायत के वार्ड संख्या-3 में रविवार की शाम शराब की सूचना पाकर छापेमारी करने गयी उत्पाद विभाग की टीम पर तस्करों ने हमला बोल दिया. उत्पाद विभाग की टीम पर जमकर ईंट-पत्थर बरसाये गए.
उत्पाद विभाग की टीम ने की जवाब कार्रवाई
इस घटना में उत्पाद विभाग का एक जवान घायल हो गया. खबर है कि जवाबी कार्रवाई में उत्पाद विभाग की टीम को गोली चलानी पड़ी. इस दौरान गोली लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गयी, जबकि एक व्यक्ति जख्मी हो गया. पैर में गोली लगने से घायल युवक का शाहपुर रेफरल अस्पताल में इलाज चल रहा है.
आक्राशितों ने किया सड़क जाम
सूचना पाकर शाहपुर तथा स्थानीय थानों की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची. घटना से आक्रोशित मृतक के परिजनों ने शाहपुर थाना मोड़ के पास सड़क जाम कर दिया. मृतक की पहचान शाहपुर वार्ड नंबर-3 निवासी सुशील यादव (45) के रूप में हुई है. जबकि दूसरा जख्मी उत्तम यादव भी उसी मुहल्ले का निवासी है.


