देश-विदेश : पीएम मोदी 10 और 11 जनवरी 2026 को गुजरात के सोमनाथ में आयोजित सोमनाथ स्वाभिमान पर्व में भाग लेने के लिए सोमनाथ आएंगे। पीएम मोदी आज यानी 10 जनवरी की शाम लगभग 8 बजे ओंकार मंत्र का जाप करेंगे और इसके बाद सोमनाथ मंदिर में ड्रोन शो का अवलोकन करेंगे।
पीएम मोदी शौर्य यात्रा और जनसभा में शामिल होंगे
11 जनवरी को सुबह लगभग 9:45 बजे पीएम शौर्य यात्रा में भाग लेंगे। यह यात्रा सोमनाथ मंदिर की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर योद्धाओं को श्रद्धांजलि देने के लिए आयोजित की जाती है। शौर्य यात्रा में 108 घोड़ों का प्रतीकात्मक जुलूस निकलेगा, जो वीरता और बलिदान का प्रतीक है। इसके बाद पीएम लगभग 10:15 बजे सोमनाथ मंदिर में दर्शन और पूजा अर्चना करेंगे। वहीँ, लगभग 11 बजे वे एक सार्वजनिक कार्यक्रम में शामिल होंगे और जनसभा को संबोधित भी करेंगे।
सोमनाथ : इतिहास और राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक
सोमनाथ स्वाभिमान पर्व 8 जनवरी से शुरू होकर 11 जनवरी तक चलेगा। यह पर्व उन असंख्य नागरिकों की स्मृति में मनाया जा रहा है, जिन्होंने मंदिर की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी और आने वाली पीढ़ियों को सांस्कृतिक चेतना से जोड़ते रहे। यह कार्यक्रम 1026 ईस्वी में महमूद गजनी द्वारा सोमनाथ मंदिर पर किए गए आक्रमण की 1,000वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है। मंदिर को कई बार नष्ट करने के प्रयासों के बावजूद आज यह राष्ट्रीय गौरव और आस्था का प्रतीक बना हुआ है।


