बोधगया के एएमयू परिसर से उन्होंने बिहार को 13000 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट सौंपे।
पीएम मोदी ने गयाजी से ऑपरेशन सिंदूर पर PAK को चेताया, घुसपैठियों के बहाने RJD-कांग्रेस को घेरा
गयाजी (बिहार) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज बिहार दौरे पर हैं। गयाजी में जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर पर कहा कि बिहार की धरती से लिया कोई भी संकल्प खाली नहीं जाता है। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान ने भारत पर कई ड्रोन और मिसाइल हमले किए लेकिन इसे हमने तिनके की तरह बिखेर दिया।
आरजेडी और कांग्रेस पर भी जमकर निशाना साधा
पीएम ने विपक्षी दल आरजेडी और कांग्रेस पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने संविधान के 130वें संशोधन विधेयक पर बोलते हुए कहा कि अगर किसी प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और मंत्री जेल जाता है तो वह कुर्सी पर बैठने का हकदार नहीं है। घुसपैठियों का मुद्दा उठाते हुए पीएम ने आरजेडी और कांग्रेस पर वोट बैंक की राजनीति के लिए बिहारियों का हक छीनने का आरोप लगाया।
13000 करोड़ रुपये की लागत वाली परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया
गयाजी एयरपोर्ट पर उतरने के बाद पीएम सीधे बोधगया स्थित एएमयू परिसर में सभा स्थल पहुंचे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी के साथ वे खुली जीप में सवार होकर मंच तक आए। यहां से पीएम ने लगभग 13000 करोड़ रुपये की लागत वाली परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। उन्होंने गयाजी-नई दिल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस और वैशाली-कोडरमा बौद्ध सर्किट ट्रेन को वर्चुअल हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने संबोधन में अपनी सरकार के मुफ्त बिजली, पेंशन बढ़ोतरी जैसे फैसलों को गिनाया
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने संबोधन में अपनी सरकार के मुफ्त बिजली, पेंशन बढ़ोतरी जैसे फैसलों को गिनाया। केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी ने अपने भाषण में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सूबे में इतना काम किया है, जो बिहार को विशेष राज्य का दर्जा दिलाने वालों के मुंह पर तमाचा है। गयाजी में कार्यक्रम होने के बाद पीएम मोदी बेगूसराय जिले के सिमरिया जा रहे हैं। यहां वे गंगा नदी पर बना औंटा-सिमरिया 6 लेन पुल का उद्घाटन करेंगे। बेगूसराय में पीएम करीब 15 मिनट रुकेंगे, फिर वापस गयाजी होकर पश्चिम बंगाल की ओर रवाना हो जाएंगे।


