उत्तराखंड : उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में मंगलवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। भिकियासैंण क्षेत्र के शिलापनी के पास एक यात्री बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई, जिससे 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि दो महिलाओं समेत 12 यात्री घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे। घायलों को खाई से निकालकर नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। अधिकारियों के अनुसार, बस में कुल 19 यात्री सवार थे। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है, प्राथमिक तौर पर चालक के नियंत्रण खोने की आशंका जताई जा रही है।
मृतकों में पांच पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं। मृतकों की पहचान गोविंद बल्लभ (80) और उनकी पत्नी पार्वती देवी (75), दोनों निवासी जमोली; सूबेदार नंदन सिंह अधिकारी (65), जमोली; तारा देवी (50), बाली; गणेश (25); उमेश (25) तथा एक अज्ञात युवक के रूप में हुई है, जिसकी पहचान की जा रही है।
घायलों में नंदा बल्लभ (50), राकेश कुमार (40), नंदी देवी (40), हंसी सती (36), मोहित सती (16), बुद्धि बल्लभ (58), हरीचंद्र (62), भूपेंद्र सिंह (64), जितेंद्र रेखाड़ी (37), बस चालक नवीन चंद्र (55), हिमांशु पालीवाल (17) और प्रकाश चंद (43) शामिल हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए जिला प्रशासन को घायलों को तत्काल और समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि वे स्वयं मामले की निगरानी कर रहे हैं।


