Ranchi : झारखंड विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन सोमवार को विपक्ष ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), आजसू और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के विधायकों ने हाथों में तख्ती लेकर छात्रवृत्ति भुगतान और धान खरीद के समर्थन मूल्य 3200 रुपये करने सहित विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन किया।
छात्रवृत्ति और किसानों के मुद्दे पर विरोध
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व में विपक्षी विधायकों ने सरकार को दोषी मानते हुए कहा कि राज्य के छात्रों को कई महीनों से छात्रवृत्ति नहीं मिली है। इस राशि का भुगतान तत्काल करने की मांग की गई। भाजपा विधायक नीरा यादव ने कहा कि किसानों को धान खरीद का 3200 रुपये प्रति क्विंटल का समर्थन मूल्य देने का वादा सरकार ने पूरा नहीं किया। इसके कारण किसान मजबूरी में अपने धान को औने-पौने दाम में बिचौलियों को बेचने को मजबूर हैं। लोजपा विधायक जनार्दन पासवान ने कहा कि सरकार पूरी तरह से फेल है और छात्रों व किसानों की समस्याओं को अनदेखा कर रही है। उन्होंने बताया कि यह मुद्दा सदन में और बाहर भी विपक्ष उठाता रहेगा।
द्वितीय अनुपूरक बजट भी पेश
सत्र के दूसरे दिन विपक्ष के विरोध और नारेबाजी के बीच चालू वित्तीय वर्ष का द्वितीय अनुपूरक बजट भी सदन के पटल पर रखा गया। विपक्ष के तेवर देखकर साफ है कि सदन में कई मुद्दों पर सरकार पर दबाव बनाए जाने की कोशिश की जाएगी।


