रांची। झारखंड हाइकोर्ट में दो जजों की बेंच ने एक अजीबोगरीब फैसला दिया, जो चर्चा का विषय बन गया. बेंच के दो जजों ने पाकुड़ के तत्कालीन एसपी अमरजीत बलिहार की हत्या के मामले में अलग-अलग फैसला सुनाया है. एक ने आरोपी को बरी कर दिया है, जबकि दूसरे ने उसकी फांसी की सजा बरकरार रखी है
दोनों जजों के फैसले अलग-अलग
जानकारी के अनुसार, जस्टिस रंगन मुखोपाध्याय ने दोनों सजायाफ्ताओं की फांसी की सजा के खिलाफ अपील को स्वीकार करते हुए उन्हें फांसी की सजा से बरी कर दिया. वहीं, जस्टिस संजय प्रसाद ने राज्य सरकार की अपील को स्वीकार करते हुए सजायाफ्ताओं की फांसी की सजा बरकरार रखी और निचली अदालत के फैसले को सही ठहराया.
चीफ जस्टिस के पास जायेगा मामला
इस मामले में अपीलकर्ताओं के अधिवक्ता जितेंद्र शंकर सिंह ने बताया कि हाईकोर्ट की खंडपीठ के दोनों न्यायाधीशों के विभाजित होने से यह मामला अब चीफ जस्टिस के पास जायेगा. जहां इस मामले की सुनवाई के लिए दूसरी बेंच गठित की जायेगी. इधर, मामले में फांसी की सजा पाने वाले सुखलाल मुर्मू व सनातन बास्की की ओर से अधिवक्ता जितेंद्र शंकर सिंह ने पैरवी की. जबकि राज्य सरकार की ओर से विशेष लोक अभियोजक विनीत कुमार वशिष्ठ ने पक्ष रखा था.
राज्य सरकार की क्या है अपील
उक्त मामले में फांसी की सजा पाने वाले दो हार्डकोर नक्सलियों सुखलाल उर्फ प्रवीर मुर्मू व सनातन बास्की उर्फ ताला दा ने क्रिमनल अपील याचिका दायर कर फांसी की सजा को चुनौती दी थी. इधर, सजा सुनिश्चित करने को लेकर राज्य सरकार ने भी अपील की थी. जस्टिस संजय प्रसाद ने माना है कि यह मामला रेयरेस्ट ऑफ रेयर है. उन्होंने स्पष्ट कहा कि ड्यूटी पर तैनात वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की दिनदहाड़े निर्मम व लक्षित हत्या राज्य के विरुद्ध एक गंभीर अपराध है.
फैसला रखा था सुरक्षित
इससे पहले खंडपीठ ने तीन फरवरी 2022 को सुनवाई पूरी होने के बाद अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था. ज्ञात हो कि 2013 में नक्सलियों के हमले में पाकुड़ के तत्कालीन एसपी अमरजीत बलिहार सहित छह पुलिसकर्मियों की मौत हो गयी थी. दुमका के चतुर्थ जिला एवं सत्र न्यायाधीश तौफीकुल हसन की विशेष अदालत ने मामले में प्रवीर दा उर्फ सुखलाल मुर्मू व सनातन बास्की उर्फ ताला दा को फांसी की सजा सुनायी थी.


