Ranchi : रांची के बड़ा तालाब से 36 एकड़ जमीन गायब होने के मामले में रांची नगर निगम ने जांच तेज कर दी है। इसको लेकर नगर निगम की टीम ने तालाब क्षेत्र की ड्रोन मैपिंग शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, बड़ा तालाब का कुल क्षेत्रफल 53 एकड़ था, लेकिन अब इसमें से केवल 17 एकड़ हिस्सा ही जल क्षेत्र के रूप में बचा है। शेष जमीन पर अतिक्रमण होने की बात सामने आ रही है, जिसके कारण तालाब का दायरा लगातार घटता गया।
हाईकोर्ट के निर्देश के बाद रांची नगर निगम ने अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया शुरू की है। ड्रोन सर्वे के जरिए तालाब की वास्तविक सीमा और अतिक्रमित क्षेत्र की पहचान की जा रही है। मौके पर रांची नगर निगम के प्रशासक सुशांत गौरव, अंचल अधिकारी और अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद हैं। अधिकारियों ने बताया कि ड्रोन मैपिंग रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और अवैध कब्जे हटाए जाएंगे।


