सड़क हादसा में पति की मौत, पत्नी गंभीर, bबाइक हादसे में युवक की मौत, पत्नी गंभीर घायल
जामताड़ा। गोविंदपुर-साहिबगंज नेशनल हाईवे पर पबिया के समीप सोमवार को तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर हादसे का शिकार हो गई। इस दर्दनाक दुर्घटना में बाइक सवार मुकेश पहाड़िया (25) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी प्रतिमा पहाड़िया (22) गंभीर रूप से जख्मी हो गई। प्रतिमा को बेहोशी की हालत में स्थानीय लोगों की मदद से 108 एंबुलेंस से सदर अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है। दोनों पति-पत्नी फतेहपुर अंखीया के रहने वाले बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार मुकेश अपनी पत्नी को लेकर फतेहपुर से नारायणपुर रतनाडिह स्थित अपने ससुराल जा रहा था। रास्ते में बाइक की गति ज्यादा होने के कारण वाहन असंतुलित होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरा। हादसे के बाद राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी।नारायणपुर थाना की पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर इलाज के लिए जामताड़ा भिजवाया। हादसे के बाद से गांव और आसपास के इलाके में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने मृतक परिवार को ढांढस बंधाया।


