Ranchi : झारखंड सरकार के मंत्री दीपक बिरुआ के नाम से फर्जी फेसबुक अकाउंट बनाए जाने का मामला सामने आया है। इसको लेकर मंत्री दीपक बिरुआ ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट के माध्यम से आम जनता को जानकारी दी और सतर्क रहने की अपील की है।
मंत्री ने बताया कि कुछ असामाजिक तत्व उनके नाम और पहचान का गलत इस्तेमाल कर फेसबुक पर एक नकली पेज चला रहे हैं। इस फर्जी अकाउंट के जरिए लोगों से क्रय-विक्रय और पैसों के लेन-देन से जुड़ी बातें की जा रही हैं, जो पूरी तरह भ्रामक हैं। दीपक बिरुआ ने साफ कहा कि इस फर्जी फेसबुक अकाउंट से उनका किसी भी प्रकार का कोई संबंध नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि ऐसे किसी भी अकाउंट के माध्यम से संपर्क न करें और किसी तरह का लेन-देन बिल्कुल न करें।
मंत्री ने इस मामले को गंभीर बताते हुए झारखंड पुलिस से उचित कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने पुलिस को टैग करते हुए कहा कि जल्द से जल्द फर्जी अकाउंट चलाने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए। मंत्री की इस चेतावनी के बाद लोगों से अपील की गई है कि वे किसी भी फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट के झांसे में न आएं और ठगी से बचने के लिए सतर्क रहें।


