रामगढ़। झारखंड पुलिस के मोस्ट वांटेड कुख्यात अपराधी मयंक सिंह उर्फ सुनील सिंह मीणा को शनिवार सुबह झारखंड लाया गया है। आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) की टीम कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मयंक सिंह को लेकर बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंची। जहां से कड़ी सुरक्षा के बीच रांची एयरपोर्ट से मयंक सिंह को रामगढ़ कोर्ट लाया गया। जिसके बाद पतरातु ( भदानीनगर) थाना कांड संख्या 175/2022 में कोर्ट में उसे पेश किया गया।
कोर्ट ने दोनों पक्षों को सुनकर मयंक सिंह न्यायिक हिरासत में भेजा
कोर्ट में ATS कि ओर से पक्ष रखते हुए सहायक लोक अभियोजक इंद्रजीत मृणाल आनंद ने न्यायालय से अनुरोध किया कि अभियुक्त के विरुद्ध 48 मामले दर्ज है और इस मुक़दमे मे अग्रतर अनुसंधान कि आवश्यकता है। इसलिए अभियुक्त को पुलिस रिमांड में भेजने कि कृपा करें। वहीं अभियुक्त के तरफ से पक्ष रखते हुए रिमांड अधिवक्ता मोहन महतो के द्वारा बताया गया कि उक्त मामले में अभियुक्त के विरुद्ध चार्जशीट जमा हो गई है। इसलिए दंड प्रक्रिया संहिता 1973 की धारा 167 के तहत अग्रिम अनुसंधान के लिए पुलिस रिमांड नहीं भेजा जा सकता है। न्यायालय एसीजीएम ने दोनों पक्षों को सुनने के बाद अभियुक्त को अगले आदेश तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया।


