Desh videsh… राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की सुरक्षा में बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। बुधवार सुबह केरल के प्रमदम में राजीव गांधी इंडोर स्टेडियम में उनके वायु सेना के हेलीकॉप्टर की लैंडिंग के दौरान नया बना कंक्रीट हेलीपैड धंस गया, जिससे हेलीकॉप्टर एक गड्ढे में फंस गया। गनीमत रही कि इस घटना से कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।
क्यों हुआ हादसा?
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि राष्ट्रपति के हेलीकॉप्टर की लैंडिंग के लिए आखिरी समय में जगह तय की गई थी। इसके लिए मंगलवार देर रात हेलीपैड तैयार किया गया, लेकिन कंक्रीट पूरी तरह सूख नहीं पाया। हेलीकॉप्टर के भारी वजन के कारण लैंडिंग के समय हेलीपैड धंस गया और गड्ढे बन गए। लैंडिंग के बाद राष्ट्रपति सड़क मार्ग से पंबा के लिए रवाना हो गईं। इसके बाद पुलिस और अग्निशमन कर्मियों ने हेलीकॉप्टर को गड्ढे से निकालने का प्रयास किया।
पहले कहां होनी थी लैंडिंग?
अधिकारी ने बताया कि पहले हेलीकॉप्टर की लैंडिंग पंबा के पास निलक्कल में होनी थी, लेकिन खराब मौसम के कारण प्रमदम में लैंडिंग करानी पड़ी। कंक्रीट के जमने से पहले ही हेलीकॉप्टर उतरने से यह हादसा हुआ।
राष्ट्रपति का दौरा
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू चार दिवसीय दक्षिणी राज्यों के दौरे पर हैं। मंगलवार शाम वे तिरुवनंतपुरम पहुंची थीं। बुधवार को वे पथनमथिट्टा जिले में सबरीमाला मंदिर में दर्शन के लिए गईं। इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं, और प्रशासन इसकी जांच में जुट गया है।


