Hazaribagh : हजारीबाग जिले की उरीमारी थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। दशरथ मांझी के घर पर हुई फायरिंग की घटना के मामले में पुलिस ने 10 अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से देशी हथियार, कारतूस और अन्य आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की गई है।
बताया गया कि 31 दिसंबर 2025 को उरीमारी थाना क्षेत्र में दशरथ मांझी के घर के पास अज्ञात अपराधियों द्वारा फायरिंग की गई थी। इस घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए उरीमारी थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई। बाद में राहुल दुबे गैंग ने इस फायरिंग की जिम्मेदारी ली थी।
घटना के बाद हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया। एसआईटी ने लगातार छापेमारी अभियान चलाया और तकनीकी व गुप्त सूचनाओं के आधार पर अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी।
छापेमारी के दौरान अपराधियों ने पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर सभी 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से हथियार और कारतूस बरामद किए गए।
पुलिस ने सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई से इलाके में अपराधियों के मनोबल पर असर पड़ेगा और आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ेगा। मामले की आगे की जांच जारी है।


