कुजू। ओपी क्षेत्र के बुढ़ाखाप (करमा) स्थित आलोक स्टील फैक्ट्री गेट के सामने मुआवजा को जारी आंदोलन पाँच लाख मुआवजे के बाद करीब 24 घंटे बाद गुरुवार की रात को महिला का शव को उठा लिया गया। प्रबंधन, पुलिस और आंदोलनकारियों के बीच साकारात्मक वार्ता के बाद आंदोलन को ख़त्म कर दिया गया।
क्या है मामला
जानकारी के अनुसार, बुढ़ाखाप, करमा निवासी आशो देवी (57वर्ष) पति रामेश्वर महतो आलोक स्टील फैक्ट्री में बतौर ठेका महिला मजदूर थी। आशो देवी को सोमवार की दोपहर कार्य के दौरान अचानक उन्हें सीने में दर्द शुरू हुआ। घटना की सूचना पर फैक्ट्री प्रबंधन द्वारा इलाज के लिए रामगढ़ सदर अस्पताल ले जाया गया। इधर, मामले की जानकारी पर परिजनों और ग्रामीणों द्वारा उन्हें गंभीर स्थिति में बेहतर इलाज के लिए रांचीरोड स्थित दी होप अस्पताल में भर्ती किया गया। जहां इलाज के दौरान बुधवार को महिला आशो देवी ने दम तोड़ दिया।
महिला की मौत के बाद शुरू हुआ था आंदोलन
इधर घटना के बाद जेएलकेएम समर्थित नेता व कार्यकर्ता, ग्रामीण व परिजनों द्वारा 30 लाख रुपया मुआवजे, पेंशन एवं आश्रित परिवार को नौकरी देने की मांग को लेकर पहली वार्ता विफल के बाद अनिश्चित कालीन आंदोलन शुरू किया था। जिसके बाद सफल वार्ता के बाद आंदोलन समाप्त किया गया।


