Banglore : कर्नाटक के DGP रामचंद्र राव को राज्य सरकार ने सस्पेंड कर दिया है। यह कार्रवाई सोशल मीडिया पर उनके कथित अश्लील वीडियो वायरल होने के बाद की गई है। वीडियो सामने आते ही कर्नाटक की राजनीति और प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मच गया।
कार्यालय के अंदर का बताया जा रहा वीडियो
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में रामचंद्र राव को एक महिला के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देखा जा रहा है। वीडियो उनके सरकारी कार्यालय के अंदर का बताया जा रहा है। एक वीडियो में वह पुलिस की वर्दी पहने अपनी कुर्सी पर बैठे दिखाई दे रहे हैं, जबकि दूसरे वीडियो में वह सूट पहने हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो में भारतीय ध्वज और पुलिस विभाग का प्रतीक चिन्ह भी साफ दिख रहा है।
आरोपों को बताया मनगढ़ंत
वीडियो वायरल होने के बाद रामचंद्र राव ने सभी आरोपों को खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि यह पूरी तरह से फर्जी वीडियो हैं और उन्हें जानबूझकर फंसाया जा रहा है। मीडिया से बातचीत में उन्होंने दावा किया कि यह उनकी छवि खराब करने की साजिश है।
गृह मंत्री से मिलने पहुंचे, नहीं हो सकी मुलाकात
विवाद के बाद रामचंद्र राव कर्नाटक के गृह मंत्री जी परमेश्वर से मिलने उनके आवास पहुंचे थे, लेकिन किसी कारणवश दोनों की मुलाकात नहीं हो सकी। गृह मंत्री के आवास के बाहर मीडिया से बातचीत में रामचंद्र राव ने एक बार फिर वीडियो को फर्जी बताया।
CCTV फुटेज होने का दावा
सूत्रों के अनुसार, वायरल वीडियो कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों से रिकॉर्ड किए गए बताए जा रहे हैं और करीब एक साल पुराने हैं। बताया जा रहा है कि ये वीडियो फिल्म अभिनेत्री रान्या राव की गिरफ्तारी से पहले के हैं। हालांकि, वीडियो अभी क्यों सामने आए, इसे लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है।


