Ranchi : झारखंड विधानसभा के शीतकालीन सत्र में भाजपा विधायक नीरा यादव शून्यकाल में अपने सवाल नहीं पूछ पाने से नाराज होकर सदन से बाहर निकल गईं। उन्होंने सदन में विधि व्यवस्था को लेकर गंभीर आरोप लगाए और कहा कि विपक्ष को सरकार द्वारा पर्याप्त अधिकार नहीं दिया जा रहा है।
नीरा यादव ने बताया कि उन्होंने शून्यकाल के लिए सवाल की प्रक्रिया पूरी कर ली थी, लेकिन बाद में उन्हें कहा गया कि “अभी आपका समय नहीं है।” जब उन्होंने इस पर एतराज जताया, तो उनका सवाल दूसरे नंबर पर रखा गया, लेकिन फिर भी उन्हें बोलने का मौका नहीं मिला। इस वजह से उन्होंने नाराज होकर सदन से बाहर निकलना ही सही समझा।
सदन से बाहर बैठकर उन्होंने मीडियाकर्मियों से बातचीत में कहा कि विधानसभा में व्यवस्था बहुत खराब है। उनका कहना था कि रात में लोग 12 बजे प्रश्न लेकर आते हैं, लेकिन कोई निगरानी नहीं करता कि सवाल सही तरीके से पूछे जाएं। उन्होंने यह भी कहा कि अनुपूरक बजट के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष की ओर से बोलने का मौका होना था, लेकिन उनके नाम होने के बावजूद उन्हें बोलने नहीं दिया गया। नीरा यादव का यह कदम सदन और विपक्ष की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाता है और विधानसभा में विधि व्यवस्था सुधार की मांग को भी मजबूत करता है।


