रांची-डीएलएसए की ओर से बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार में आयोजित जेल अदालत सह विधिक जागरूकता शिविर में आज रविवार को तीन बंदियों को रिहा किया गया. जेल अदालत में सात मामले सुनवाई के लिए रखे गए थे. इनमें तीन बंदी कारामुक्त किए गए.
झालसा के निर्देशानुसार रांची जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डीएलएसए) की ओर से आज रविवार को रांची के होटवार स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार में जेल अदालत सह विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया. इस अवसर पर रेलवे न्यायिक दंडाधिकारी विजय कुमार यादव, चीफ एलएडीसी प्रवीण कुमार श्रीवास्तव, डिप्टी एलएडीसी राजेश कुमार सिन्हा, बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार के कारापाल और काराकर्मी, न्यायालयकर्मी और बंदीगण उपस्थित थे.विभिन्न न्यायालयों में लंबित वादों के निष्पादन के लिए बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार में सात बंदियों का आवेदन जेल अदालत के लिए समर्पित किया गया था. तीन बंदियों को जेल अदालत का लाभ देते हुए कारामुक्त किया गया. इनमें जेया फतहा, बंटी सिंह और अरमांगन अख्तर शामिल हैं.रांची जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव ने जानकारी दी है कि जेल अदालत सह विधिक जागरूकता शिविर में चीफ एलएडीसी एवं डिप्टी एलएडीसी ने बंदियों को लीगल एड क्लिनिक से अवगत कराया. बंदियों की अन्य समस्याओं का भी समाधान किया गया.
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


