साहिबगंज। जिरवाबाड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत सकरुगढ़, गैस गोदाम में शुक्रवार की रात मिथुन पासवान के घर पर बर्थ-डे पार्टी के दौरान बदमाशों की गोलीबारी से मिथुन पासवान घायल हो गया। बताया जाता है कि एक ग़ोली मिथुन पासवान के पीछे कमर के निचले हिस्से में लगी है। गोलीबारी से वहां अफरातफरी मच गई। वारदात के बाद सभी बदमाश फरार हो गए। इधर पुलिस व परिजनों ने घायल मिथुन पासवान को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। सदर अस्पताल में घायल मिथुन पासवान ने बताया कि रात लगभग 9 बजे घर के दरवाजे पर थे। अचानक छोटू पासवान, दीपक पासवान, पलटू पासवान, सलटू पासवान, मिथुन पासवान व अन्य ने भीषण गोलीबारी शुरू कर दी। छोटू पासवान की राइफल से फायर की गई ग़ोली उसके कमर के नीचे लग गई। स्थानीय लोगों के अनुसार वारदात के बाद पुलिस ने कई बदमाशों को पकड़ा है। वहीं देर रात डीएसपी विजय कुशवाहा, थाना प्रभारी शशि सिंह, नगर थाना इंस्पेक्टर अमित गुप्ता ने दलबल के साथ घटना स्थल पर पहुंच मामले की छानबीन की। इधर देर रात ही जिरवाबाड़ी थाना पुलिस ने मिथुन पासवान की पत्नी के लिखित आवेदन पर कांड संख्या 126/25 दर्ज करते हुए छानबीन शुरू कर दी। वहीं एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विक्रम कुमार पासवान उर्फ सलटू पासवान(26), दीपक कुमार पासवान(23), कृष पासवान(19) एवं बादल पासवान(19) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना स्थल से 8 एमएम का खोखा व फायर ग़ोली का अग्रभाग बरामद किया है। छापामारी दल में सर्किल इंस्पेक्टर राजीव रंजन, नगर थाना इंस्पेक्टर अमित कुमार गुप्ता, जिरवाबाड़ी थाना प्रभारी शशि सिंह, गंगा थाना प्रभारी लव कुमार, पुअनि रोहित कुमार, अनीश कुमार पांडेय, बंटी यादव, दुर्गा गुप्ता सहित पुलिस बल शामिल थे।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


