अलाउद्दीन का चिराग है सकारत्मकता, मुस्कान से घिसिए तो, सबकुछ पा लेंगे: डॉ संजय
सकारात्मक व्यक्तित्व में मुस्कान का पंख लगाते ही आप सफलता के आसमां पे होंगे : चौहान
रांची। जब आप मुस्कुराते हैं, तब सृष्टि की ताकत आपमें समा जाती है। इसी मुस्कुराहट को बड़े ही शक्तिशाली व अनूठे अंदाज में प्रस्तुत कर रहा है खुशी क्लास। आज के समय में तनावमुक्त समाज की कल्पना ही अभूतपूर्व है। ऐसे में खुशी क्लास समाज में खुशियां भरने का काम कर रही है, इसका जितना भी सराहना की जाए, कम होगा। यह बात रांची के विधायक सीपी सिंह ने कही। विधायक सिंह ने गुरुवार को अपने आवास से खुशी रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। 16 अक्टूबर तक रांची में खुशी अभियान चलेगा। लाइफ केयर हॉस्पिटल, रांची व खुशी क्लास के तत्वावधान में आयोजित इस मिशन के रथ रवानगी कार्यक्रम में विधायक ने खुशी मिशन को अपना आशीर्वाद देते हुए कहा कि निःस्वार्थ भाव से पूरे झारखंड में घूम-घूम कर अबतक 538 स्कूल-कॉलेजों में खुशी क्लास लगाना बहुत बड़ी बात है। यहां के बाद खुशी रथ चुटु पालु पहुंची। यहां रामशोभा बीएड कॉलेज में 539 वां खुशी क्लास का आयोजन हुआ। दीप प्रज्वलित, स्वागत गान व अतिथियों को पौध भेंट करने के बाद कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत हुई। प्रज्ञा आदित्य ने परिचय सत्र संचालित किया। प्रिंसिपल डॉ ज्योति वालिया ने विषय प्रवेश कराते हुए खुशी के स्वरूप को उदाहरणों के साथ सामने रखा। अभिषेक कुमार पांडे ने अतिथियों का स्वागत भाषण दिया, जबकि शिवानी कुमारी ने धन्यवाद ज्ञापन किया। खुशी क्लास को सम्बोधित करते हुए प्रो डॉ संजय प्रशाद सिंह ने खुद में खुशियों को उतारने का सरल फार्मूला बताया। नो और इंड का सकारात्मक पहलू को दर्शाया। उन्होंने कहा कि जिंदगी का आधार ही खुशी है और यह खुशी सकारात्मक भाव से ही आ सकता है। खुशी क्लास के संस्थापक सह संचालक मुकेश सिंह चौहान ने कहा कि तनाव, डिप्रेशन को अपने जिंदगी में आस-पास भी फटकने नहीं देनी है। सकारात्मकता से खुशी जगती है और यही खुशी मंजिल तक ले जाती है। यूं कहें सकारात्मकता ही आपको सफलता दिलाएगी। उन्होंने छात्रों को बताया कि असफलता हमेशा सफलता की पहली सीढ़ी होती है, इसलिए अंक को कभी भी तनाव में नहीं लेना चाहिए। अंक को आप सकारात्मकता के साथ चुनौती के रूप में जरूर लें, पर तनाव के रूप में कभी नहीं। अंत में चौहान ने छात्रों, शिक्षकों से आग्रह किया कि अगर उन्हें कहीं लगता है कि कोई तनाव में है, खुशी क्लास से संपर्क कर सकते हैं। निःशुल्क उन्हें हर संभव मदद पहुंचाई जाएगी।


