Chaibasa : चाईबासा जिले के हाट गम्हरिया थाना क्षेत्र में उत्पाद विभाग ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। उत्पाद टीम ने जंगल में चल रही देसी शराब की भट्टी को नष्ट कर दिया और मौके से भारी मात्रा में सामग्री जब्त की।
उत्पाद निरीक्षक निर्भय कुमार सिन्हा ने बताया कि सहायक आयुक्त उत्पाद को गुप्त सूचना मिली थी कि रेंगो बासा गांव के पास जंगल किनारे बड़े पैमाने पर अवैध शराब बनाई जा रही है। सूचना मिलते ही टीम बनाकर छापामारी की गई।
छापामारी के दौरान टीम ने देखा कि जंगल के भीतर बड़ी संख्या में महुआ से शराब बनाने का काम चल रहा था। वहां डेगची, ड्रम, भट्टी और शराब उत्पादन में उपयोग होने वाले अन्य उपकरण भी मिले।
कार्रवाई के दौरान टीम ने 1000 किलोग्राम जावा महुआ को नष्ट किया और 120 लीटर तैयार देसी शराब जब्त की। हालांकि, छापामारी शुरू होते ही भट्टी चलाने वाले लोग मौके से भाग गए, लेकिन उनकी पहचान कर ली गई है।
उत्पाद विभाग ने माना कुंकल, शारदा कुंकल और रामाय कुंकल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। टीम अब उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापामारी कर रही है।


